डॉ दिलीप अग्निहोत्री

 

भारतीय चिंतन में मातृ पित्र देवो भव का सन्देश दिया गया। श्री गणेश जी कथा प्रसिद्ध है। उन्होने शिव जी और माता पार्वती की परिक्रमा की थी। इसे भूमण्डल की परिक्रमा का सदृश मान्यता मिली। इस कथा का गहन भाव है। माता पिता की सेवा जैसा पुण्य अन्यत्र दुर्लभ है। प्रभु श्री राम ने पिता के आदेश का पालन किया। इसके लिए उन्होंने राजमहल की सुख सुविधाओं का त्याग करके चौदह वर्ष का वनवास सहजता के साथ स्वीकार किया था। परिवार जीवन में माता पिता के साथ ही अन्य सभी वृद्ध जनों के सेवा सम्मान का विधान रहा है। कुछ दशक पहले तक भारत में वृद्धा आश्रम की कल्पना नहीं की जाती थी। अब यह प्रचलन में है। यह पाश्चात्य उपभोगवादी संस्कृति का प्रभाव है। माता पिता के लिए एक दिन निर्धारित कर दिया गया। उसे सेलिब्रेट कर लिया। इस तरह अपने कर्तव्य का निर्वाह किया जाता है। राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने इस प्रकार के चलन पर चिंता व्यक्त की। यह भारतीय संस्कृति के प्रतिकूल विचार है।

युवाओं को प्रेरणा

आनन्दी बेन ने युवाओं को खासतौर पर प्रेरणा दी। उन्होंने पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कहा कि आज वृद्धा आश्रमों में ऐसे न जाने कितने बुजुर्ग हैं,जिनके बच्चे अच्छी हालत में हैं,फिर भी अपने मां-बाप को वृद्धा आश्रम में छोड़ देते हैं। अगर हम अपने बुजुर्गों का सम्मान नहीं करेंगे तो हमारे बच्चे भी यही सीखेंगे। यदि अपने बच्चों से सम्मान चाहते हैं तो अपने बुजुर्गों को भी सम्मान देना होगा। उन्होंने कहा कि वृद्धा अवस्था जीवन का एक अटूट सत्य है। जीवन के यथार्थपूर्ण अनुभवों की वजह से वृद्धजनों का समाज में अपना एक अलग ही महत्व है। युवाओं को वृद्धों के अनुभवों का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की देखभाल और स्नेह के साथ सेवा करना युवाओं का परम कर्तव्य है। युवा अपने बुजुर्गों का ध्यान रखें क्योंकि उन्हें दवाई से ज्यादा अपनों के साथ की जरूरत होती है। अगर वे ऐसा करते हैं तो पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा मिलने के साथ ही युवाओं को दो पीढ़ियों के बीच के संबंधों को मजबूत बनाने की प्रेरणा मिलेगी।

राजभवन की पहल

आनंदीबेन पटेल ने बताया कि राजभवन के अधिकारियों की एक टीम गठित कर लखनऊ स्थित वृद्धाश्रम की संख्या का पता लगाने के साथ-साथ वृद्धाश्रमों में उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने की पहल की गयी है। आनंदीबेन पटेल ने गाइड समाज कल्याण संस्थान द्वारा आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दुव्र्यवहार जागरूकता कार्यक्रम को राजभवन से आनलाइन संबोधित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here