सत्यम सिंह ठाकुर, गुजरात
गुजरात के गांधीनगर पुलिस ट्रेनिंग अकाडेमी में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहा बिना परीक्षा दिए एक युवक फर्जी तरीके से ढाई महीने तक पुलिस सब इंस्पेक्टर की ट्रेनिंग करता रहा और पुलिस अधिकारी कुम्भकर्णीय नींद में सोते रहे।

बहरहाल पूरा मामला सामने आने के बाद फर्जी तरीके से पीएसआई की ट्रेनिंग हासिल करने के मामले में छह पुलिस अधिकारियों पर गाज गिरी है। गांधीनगर की कराई पुलिस अकादमी में जांच के बाद यहां तैनात 2 पीआई और 4 एडीआई को सस्पेंड किया गया है। विद्यार्थी नेता युवराज सिंह जाडेजा ने कराई पुलिस अकादमी में 2021 की पीएसआई भर्ती परीक्षा दिए बगैर ही ट्रेनिंग लेने का खुलासा किया था।जिसके तुरंत बाद जांच के आदेश दिए गए और तब अकादमी की तरफ से यह बात भी सामने आई थी, कि अकादमी में इन फर्जीवाड़े को पकड़ लिया था, लेकिन आंतरिक जांच पूरी होने से पहले युवराज सिंह ने इस कांड का खुलासा कर दिया। मामले के खुलासे के बाद कराई पुलिस अकादमी ने गांधीनगर पुलिस में फर्जी पीएसआई के तौर पर ट्रेनिंग ले रहे मयूर तड़वी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद कोर्ट ने उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। फेक पीएसआई ट्रेनिंग मामले में जांच के बाद जिन अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है। उनमें पीआई एमजे गोहिल, डीएन अंगारी, एडीआई हितेश डांगर, पराग भट्ट, नाथाभाई चौधपरी और हितेन पटेल का नाम शामिल है।
फर्जी पीएसआई के ट्रेनिंग करने का यह मामला गुजरात विधानसभा में भी उठा था। कांग्रेस विधायक दल के नेता अमित चावड़ा ने इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी। जिसे स्पीकर ने नामंजूर कर दिया था तो विपक्ष के तमाम विधायकों ने वॉकआउट किया था। इसके बाद कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा के बाहर नारेबाजी की थी।s















