सलिल पाण्डे, वरिष्ठ पत्रकार, मिर्ज़ापुर
- *विधायक रूप के साथ तीर्थपुरोहित व्यक्तित्व का हुआ आदर-सत्कार
- पारस पत्थर के स्पर्श से सोना बनने की धारणा साक्षात दिखी
- जगह-जगह जनसमस्याएं भी पेश हुईं*
मिर्जापुर। अपनी पार्टी के दिक्-विजय से हर्षित मिर्जापुर नगर विधानसभा क्षेत्र में पहली बार मिले अपने ही वोटों का रिकार्ड तोड़कर लगभग 9 हजार से अधिक वोटों से (इस बार कुल एक लाख 18 हजार वोट का रिकार्ड) MLA चुने गए पं रत्नाकर मिश्र के घूमते ‘धन्यवाद-रथ’ का स्वागत विभिन्न स्थानों पर देव-रथ जैसा स्वागत होते देखा गया । विधायक के साथ मां विन्ध्यवासिनी धाम के तीर्थ पुरोहित होने के नाते जिस इलाके में घर-घर आभार व्यक्त करने वे गए, वहां का माहौल इस तरह का पारिवारिक होते देखा गया। जन-जन को महसूस हो रहा था कि विन्ध्याचल की देवी की महती कृपा कि उनके धाम से आशीर्वाद चलकर द्वारे आया है।
*तीन घण्टे में विविध दिशाओं में घूमते रथ की प्रत्यक्षदर्शी निगाहें*
नगर विधायक श्री मिश्र का तिवराने टोला में 20/3, रविवार को अपराह्न 3 बजे ‘आभार-रथ’ आया। यहां वे डॉक्टर भवदेव पांडेय शोध संस्थान में बैद्धिक-चर्चा के बाद अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता दिनेश तिवारी के बीमार पिता को देखने गए। वहां उनके स्वास्थ्य-लाभ की उन्होंने कामना की। यहीं LIC के पूर्व डेवलपमेंट ऑफिसर सुशील कुमार शर्मा आ गए। यहां से उन घरों तक चलने की योजना को मूर्त रूप दिया गया, जहां-जहां चुनाव के दौरान बतौर प्रत्याशी श्री मिश्र गए थे। इसके तहत रमईपट्टी में भाजपा महिला मोर्चा की नेता मधु श्रीवास्तव के नेतृत्व में रिटायर्ड सिंचाई ईंजीनियर अशोक श्रीवास्तव के यहाँ जाकर सभी को बधाईयां दीं । आगे वे कैलाशपुरी कालोनी में सिंचाई विभाग के रिटायर्ड प्रशासनिक अधिकारी शिवपूजन तिवारी एवं एडवोकेट महेंद्र सिंह के घर गए।
*गायत्री परिवार में गूंजे स्वस्तिवाचन मंत्र*
नगर विधायक श्री मिश्र के फ़्तहाँ स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर पहुंचते मंत्रों की गूंज के साथ मां विंध्यवासिनी एवं गायत्रीमाता का उद्घोष देर तक होता रहा। खास बात यह थी कि पचासों की संख्या में जुटी महिलाओं ने सस्वर वैदिक मंत्रों का पाठ किया। यहां स्वागत की अगुआ श्रीमती इंदुमति मिश्र रहीं।
*मंत्र हुआ महामंत्र*
मातृशक्ति विंध्यवासिनी के धाम का मंत्र और गायत्री परिवार का मंत्र मिलकर जब महामंत्र बन गया तो नगर विधायक वहां देर तक ही नहीं बैठे बल्कि इस परिवार द्वारा 20 से 23 अप्रैल तक सिटी क्लब प्रांगण में होने जा रहे 24 कुंडीय महायज्ञ की योजना पर विचार विमर्श भी किया। इसी बीच इस परिवार से अशक्त कन्याओं की शादी कराने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। यहां जुटी सदस्याओं ने ताली बजाकर आश्वस्त किया कि नगर विधायक द्वारा शिवरात्रि पर कराए जाने वाले 3 कन्याओं के विवाह के क्रम में उनकी संस्था 30 कन्याओं की शादी कराएगी।
*नीबी दुबौहा में पेयजल संकट के लिए दिया निर्देश*
विसुन्दरपुर स्थित उक्त गांव में PWD के रिटायर्ड प्रशासनिक अधिकारी के एन पांडेय एवं LIC के डेवलपमेन्ट ऑफिसर एस डी पांडेय के यहां पूरे परिवार को बधाई दी तथा साथ में नन्हें बच्चों तक को गोद में लेकर आशीर्वाद दिया। यहां विधायक के पहुंचने की खबर सुनकर सैकड़ों की संख्या में नर-नारियों को जब उन्होंने देखा तो वे उनके बीच गए। पता चला कि एकमात्र हैण्डपम्प खराब हो गया है। पेयजल की दिक्कत है। वहीं खड़े-खड़े अधिकारियों को फोन कर कहा कि 21/3 पूर्वाह्न तक हैण्डपम्प बन जाए और उन्हें दुबारा फोन न करना पड़े।
*आवास-विकास में जन-संवाद*
यहां BLJ इन्टरकॉलेज के प्रवक्ता शेषधर दुबे तथा लायन्स स्कूल के शिक्षक शुक्ल के घर गए। इसके बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्त्ता हरिश्चंद्र केसरवानी, राजाचन्द केसरवानी तथा राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रभुनाथ बरनवाल के यहाँ जाकर धन्यवाद दिया।
*जहां गए वे तो अभिभूत, साथ गए लोगों की अनुभूति*
श्री मिश्र जिस जिस द्वार गए, हर जगह लोगों को आह्लाद और उत्साह की खुशबू महसूस हुई जबकि साथ गए लोगों को भी जब माला पहना कर लोग स्वागत करने लगे तो इन्हें भी लगने लगा कि वे भी विधायक जैसे ही हैं। पारस पत्थर के स्पर्श से लोहे को सोना बनने की धारणा यहां साकार होते दिख रही हैं














