डॉ दिलीप अग्निहोत्री
बिहार में भाजपा ने चुनाव तैयारी शुरू कर दी है। उसे विश्वास है कि प्रदेश की एनडीए सरकार के विकास कार्यो का लाभ मिलेगा। दूसरी तरफ विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। उनके कुशासन को बिहार के लोग भूले नहीं है। बिहार में तब जंगल राज्य था। परिवारवाद की राजनीति में जनसामान्य के लिए कोई जगह नहीं थी। एनडीए सरकार ने बिहार में सुशासन की स्थापना की है। इसलिये भाजपा इन उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। भाजपा केंद्रीय कार्यालय में बिहार के भाजपा सांसदों की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा,भूपेंद्र यादव भी शामिल हुए। यह तय हुआ कि भारतीय जनता पार्टी के सांसद एनडीए सरकार के विकास कार्यों को लेकर पंचायतों तक जनसंपर्क करेंगे।

पार्टी के कार्यकर्ता सत्रह सितंबर को प्रदेश में में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस तथा पच्चीस सितंबर को पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जयंती को समर्पण दिवस के तौर पर मनाएंगे। प्रधानमंत्री के मन की बात।संवाद कार्यक्रम से प्रदेश के हर स्तर से पार्टी के नेता व कार्यकर्ता जुड़ेंगे। दो अक्तूबर को प्रदेश भर में गांधी जयंती पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा मनाया जाएगा। एनडीए सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों, योजनाओं तथा जनहितकारी निर्णयों को लेकर जनता के बीच जाने के लिए एनडीए तैयार है। बिहार के विकास में एनडीए सरकार ने जो परिवर्तनकारी कार्य किये हैं, विकास की उसी निरंतरता को बरकरार रखने के लिए पार्टी पूरी प्रतिबद्धता से जनता के साथ संपर्क व संवाद को आगे बढ़ाएगी।

















