Home Uncategorized Total Samachar-Surat Double Murder: Instagram विवाद में दो किशोरों की हत्या, तीन...

Total Samachar-Surat Double Murder: Instagram विवाद में दो किशोरों की हत्या, तीन नाबालिग हिरासत में

0
2

सूरत में सोशल मीडिया विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकू से हमले में दो किशोरों की मौत; तीन नाबालिग हिरासत में

सत्यम ठाकुर | ब्यूरो चीफ, गुजरात

सूरत। गुजरात के सूरत शहर में सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद एक दर्दनाक वारदात में बदल गया। नानपुरा इलाके में दो किशोरों की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है।

मामला सूरत के नानपुरा स्थित मटन मार्केट इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात करीब 11:45 बजे मोहम्मद फैजान और अजमल शेख नाम के दो किशोरों पर अचानक हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों किसी पुराने विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से वहां पहुंचे थे। इसी दौरान बातचीत के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि हमलावरों में से एक ने मटन काटने वाले छुरे से दोनों पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों किशोरों की मौत हो गई।

Instagram ग्रुप में वीडियो पोस्ट करने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ Instagram पर बनाए गए एक ग्रुप में वीडियो पोस्ट करने को लेकर थी। बताया जा रहा है कि किशोरों के एक ग्रुप का नाम ‘सलमान खान’ था। इस ग्रुप में एक सदस्य की ओर से वीडियो साझा किए जाने पर अन्य सदस्यों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद ग्रुप में बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि ऑनलाइन शुरू हुए इस विवाद को खत्म करने के लिए दोनों पक्षों ने नानपुरा इलाके में मिलने का फैसला किया था। हालांकि, आपसी बातचीत से मामला सुलझने के बजाय हिंसक संघर्ष में बदल गया और दो किशोरों की जान चली गई।

परिजनों ने Free Fire गेम को बताया विवाद की वजह

दूसरी ओर, मृतक किशोरों के परिजनों का कहना है कि विवाद की शुरुआत Free Fire ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान हुई थी। परिवार के मुताबिक, गेम को लेकर दोस्तों के बीच कहासुनी हुई थी, जो धीरे-धीरे गंभीर विवाद में बदल गई।

परिजनों का दावा है कि दोनों किशोर विवाद को खत्म कराने और आपसी समझौता कराने के इरादे से घटनास्थल पर पहुंचे थे। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में Free Fire गेम को हत्या की सीधी वजह मानने के प्रमाण सामने नहीं आए हैं। फिलहाल पुलिस Instagram ग्रुप की गतिविधियों, चैट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस की कार्रवाई

दो किशोरों की मौत के बाद सूरत पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज की जांच शुरू की। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए नई सिविल अस्पताल भेजे गए।

इस घटना ने किशोरों के बीच सोशल मीडिया पर होने वाले विवादों और उनके गंभीर परिणामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात के पीछे कौन-कौन शामिल था और विवाद किस तरह हत्या तक पहुंचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here