सुरेश चोपड़ा, संवाददाता, गुजरात.

गुजरात में मांगरोल शहर के पास अरब सागर में गुरुवार सुबह एक बोट में आग लग गई। इस समय मछुआरे समुद्र में मछली पकड़ रहे थे। बोट पर 7 मछुआरे सवार थे, जिन्होंने आग बुझाने की कोशिश तो की, लेकिन नाकाम रहे। आग भड़क उठने के बाद सभी समुद्र में कूद गए, जिन्हें दूसरी बोट के मछुआरों ने समय रहते बचा लिया। कुछ ही देर में बोट जलकर राख हो गई। इससे मछुआरों को 50 लाख से ज्यादा का नुकसान हो गया।

टरबो फटने से लगी आग

लक्ष्मी प्रसाद नाम की बोट से ये मछुआरे गुरुवार सुबह मछली पकड़ने निकलने थे। इसी दौरान अचानक इंजन में आग भड़क उठी। बोट पर काफी मात्रा में डीजल था, जो आग की चपेट में आ गया और पूरी बोट जल गई। मछुआरों ने बताया कि शायद टरबो (इंजन का एक पार्ट) फटने से आग लग गई थी।

आग की लपटें देख पहुंची दूसरी बोटें

पूरी बोट सुलगते देख उसमें सवार सभी मछुआरे जान बचाने समुद्र में कूद गए। इसी बीच बोट में लगी लपटें देखकर दूसरी बोट के मछुआरे तुरंत यहां आ पहुंचे और सभी की जान बचा ली। बोट जलने से मछुआरों को 50 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हो गया है। इससे सात मछुआरों के घर का गुजर-बसर होता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here