सूरत में मोबाइल गेम को लेकर विवाद बना खूनी वारदात की वजह, पिता की हत्या के आरोप में बेटी गिरफ्तार
सत्यम सिंह ठाकुर | ब्यूरो चीफ, गुजरात
सूरत। गुजरात के सूरत शहर से पारिवारिक विवाद में हत्या का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अमरोली थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन पर गेम खेलने को लेकर पिता और बेटी के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। इस घटना में पिता की जान चली गई, जबकि पुलिस ने हत्या के आरोप में 22 वर्षीय बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना सूरत के कोसाड आवास इलाके की है। बताया जा रहा है कि काजल नाम की युवती मोबाइल फोन पर गेम खेलने में व्यस्त थी। इसी बात को लेकर उसके पिता रमेशसिंह ने आपत्ति जताई। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद के दौरान पिता ने बेटी का मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे फोन टूट गया। इसी बात से नाराज होकर युवती ने कथित तौर पर घर में रखे प्रेशर कुकर के ढक्कन से पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद रसोई में मौजूद चाकू से भी उन पर वार किए गए।
हमले में गंभीर रूप से घायल रमेशसिंह घर से बाहर निकलकर मदद मांगने की कोशिश करने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर गिर पड़े। शोर सुनकर उनकी पत्नी मंजुबेन मौके पर पहुंचीं और पुलिस तथा एम्बुलेंस को सूचना दी।
घायल रमेशसिंह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर अमरोली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटी काजल को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ घरेलू विवाद इस हद तक पहुंच गया कि एक परिवार को अपूरणीय क्षति उठानी पड़ी। इस घटना ने पारिवारिक संवाद और आपसी विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की जरूरत पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।














