
हेमांगिनी पटेल, संवाददाता, दक्षिण गुजरात.
डांग विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर भाजपा महिला मोर्चा की बैठक महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री व दक्षिण गुजरात प्रभारी हेमाली बोघावाला की देखरेख में बुलाई, बैठक में सौंपी जिम्मेदारी
सूरत. राज्य की आठ विधानसभा के उपचुनाव घोषित होने के बाद भाजपा प्रदेश इकाई पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है वहीं, उसके आनुषांगिक संगठन भाजपा महिला मोर्चा व युवा मोर्चा ने भी कमर कस ली है। इस सिलसिले में बुधवार को डांग विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर भाजपा महिला मोर्चा की बैठक महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री व दक्षिण गुजरात प्रभारी हेमाली बोघावाला की देखरेख में बुलाई गई और सूरत, नवसारी व तापी जिला महिला मोर्चा के पदाधिकारियों को चुनाव प्रचार संबंधी जिम्मेदारी बांटी गई।
बैठक के संदर्भ में प्रदेश महामंत्री व दक्षिण गुजरात प्रभारी हेमाली बोघावाला ने बताया कि डांग विधानसभा उपचुनाव के सिलसिले में बुधवार को नवसारी के भाजपा कार्यालय में सूरत, तापी व नवसारी जिला महिला मोर्चा पदाधिकारी की बैठक हुई। बैठक में डांग विधानसभा उपचुनाव के लिए मिली जिम्मेदारी के बारे में बताया गया। इसमें डांग विधानसभा के वघई कस्बे व आसपास में प्रचार की जिम्मेदारी नवसारी महिला मोर्चा, आहवा कस्बे व आसपास में सूरत तथा सुबीर कस्बे में प्रचारकार्य की जिम्मेदारी तापी जिला महिला मोर्चा को दी गई। डांग विधानसभा उपचुनाव में प्रचारकार्य की जिम्मेदारी तीन चरणों में पूरी की जाएगी और इसका पहला चरण 11 से 13 अक्टूबर तक घर-घर जनसम्पर्क अभियान के माध्यम से चलाया जाएगा। इसके बाद 16 से 18 अक्टूबर तक ओटला बैठक व समूह बैठक होगी और तीसरा चरण 22 से 24 अक्टूबर तक चुनाव प्रचार सामग्री वितरण समेत अन्य प्रचारकार्य के साथ पूरा होगा। इसी सिलसिले में गुरुवार को बारडोली में तापी जिला भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक बुलाई गई है।
गौरतलब है कि डांग विधानसभा उपचुनाव में प्रभारी के तौर पर भाजपा ने पहले ही जिम्मेदारी सूरत पश्चिम के विधायक पूर्णेश मोदी को सौंपी है और मोदी ने दो दिन पहले ही गांधीनगर में पार्टी मुख्यालय कमलम में आयोजित प्रदेश संसदीय समिति की बैठक में डांग विधानसभा क्षेत्र की जानकारी पार्टी पदाधिकारियों को दी है।
















