सत्यम सिंह ठाकुर, गुजरात
अहमदाबाद के एसजी हाइवे के इस्कॉन ब्रिज जगुआर एक्सीडेंट मामले में पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस ने जगुआर चला रहे 19 साल के तथ्य पटेल के खिलाफ महज सात दिनों में यह चार्जशीट दाखिल की है। 20 जुलाई हुए एक्सीडेंट में 9 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने सात दिनों में चार्जशीट दाखिल करने की बात कही थी। पुलिस ने उसी के हिसाब से दिन-रात एक कर तमाम साक्ष्य जुटाए और फिर चार्जशीट दाखिल की है। जगुआर चला रहा तथ्य पटेल पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद फिलहाल साबरमती जेल में है।

अहमदाबाद पुलिस ने इस्कॉन ब्रिज जगुआर केस में कुल 1700 पेज की चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस ने इसमें कई रिपोर्ट संलग्न की है। इनमें डीएनए, आरटीओ, एफएसएल और जगुआर कंपनी से मिली रिपोर्ट के अलावा अन्य ऑब्जरवेशन की रिपोर्ट शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में तथ्य में साथ जगुआर में मौजूद दोस्तों को गवाह बनाया है। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर प्रेमवीर सिंह ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस की ओर से कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। जिसमें 1700 पेज की चार्जशीट पेश की गई है। इस चार्जशीट में जगुआर रिपोर्ट, आरटीओ रिपोर्ट का जिक्र किया गया है। इसके अलावा तथ्यात्मक डीएनए रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट का भी आरोप पत्र में जिक्र किया गया है। जिसमें शिकायत में आईपीसी की धारा 308 भी जोड़ी गई है।
आरोपी तथ्य पटेल ने 19 जुलाई की देर रात लापरवाही से कार चलाकर इस्कॉन ब्रिज पर खड़े 9 लोगों को रौंद दिया था. इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है. अहमदाबाद की यह घटना शहर की अब तक की सबसे बड़ी दुर्घटना कही जा सकती है. दरअसल एक थार कार और डंपर के बीच इस्कॉन ब्रिज पर टक्कर हो गई थी. जिसे देखने के लिए ब्रिज पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. हादसे के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान कर्णावती क्लब की ओर से 160 से अधिक की स्पीड से जगुआर कार लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई थी. इस हादसे के बाद अब पुलिस एक्शन मोड में आ गई है और अगले एक महीने तक ड्राइव चलाने का फैसला किया है.















